हरारे में नए अंदाज में उतरेगी टीम इंडिया, रिंकू IN और वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजर

 हरारे

करीब दो साल पहले भारत ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था. तब टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद युवा टीम को पहले मुकाबले में हार मिली थी, लेकिन इसके बाद लगातार चार मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी. इस बार भी टीम इंडिया युवा खिलाड़ियों के साथ नए प्रयोग करने उतरेगी। 

इस सीरीज का सबसे बड़ा दबाव कप्तान श्रेयस अय्यर पर रहेगा. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे को मिलाकर उनकी कप्तानी में भारत लगातार सात टी20 मुकाबले नहीं जीत पाया है. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खराब प्रदर्शन होने पर सवाल और तेज हो सकते हैं। 

हालांकि जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं लिया जा सकता. सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम इसी साल टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमों को हरा चुकी है. हालांकि हालिया फॉर्म उनकी चिंता बढ़ाती है. टीम अपने पिछले छह टी20 मुकाबलों में से पांच हार चुकी है और बांग्लादेश से 2-1 से सीरीज भी गंवाई है। 

भारत का रिकॉर्ड जरूर बेहतर है. दोनों टीमों के बीच अब तक 14 टी20 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की थी, हालांकि उस मुकाबले में ब्रायन बेनेट ने 97 रन बनाकर भारतीय टीम को चुनौती दी थी। 

हरारे की पिच क्या कहती है?
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर हाल में बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे खेले गए, जिनमें कोई भी टीम 250 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी. जिम्बाब्वे की सर्दियों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को नमी का फायदा मिलने की उम्मीद है. अंतिम वनडे में पिच पर घास भी छोड़ी गई थी, जिससे बल्लेबाजी आसान नहीं रही थी। 

मौसम साफ रहने का अनुमान है. तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। 

वैभव सूर्यवंशी पर फिर होंगी निगाहें
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर भारतीय टीम के सबसे चर्चित खिलाड़ी होंगे. इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन हरारे उनके लिए खास मैदान है. इसी मैदान पर उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। 

वैभव ने सीरीज से पहले स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीने उनके लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं. ऐसे में परिचित मैदान पर वह नई शुरुआत करना चाहेंगे। 

रिंकू की वापसी, तीन खिलाड़ियों को मिल सकता है डेब्यू
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में रिंकू सिंह की वापसी लगभग तय मानी जा रही है. वहीं इस सीरीज में कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है. तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, स्पीड स्टार मयंक यादव, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और तेज गेंदबाज यश ठाकुर पहली बार भारत के लिए टी20 खेलने की दौड़ में हैं। 

संभावना है कि अशोक शर्मा, हर्ष दुबे और यश ठाकुर को पहले मैच में डेब्यू का मौका मिले. हालांकि मयंक यादव और रवि बिश्नोई भी सेलेक्शन की दौड़ में बने हुए हैं। 

हरारे टी20 में टीम इंड‍िया की संभावित भारतीय प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे/रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा/मयंक यादव, यश ठाकुर, प्रिंस यादव। 

जिम्बाब्वे ने भी किए बदलाव
जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश सीरीज के बाद अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं. ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी की वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर तफाद्जवा त्सिगा को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। 

रिचर्ड नगरावा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस की तेज गेंदबाजी तिकड़ी भारत के लिए चुनौती बन सकती है. हालांकि जिम्बाब्वे की फील्डिंग अभी भी उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बनी हुई है. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 में टीम ने सात कैच छोड़े थे। 

जिम्बाब्वे की संभावित XI: ब्रायन बेनेट, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर)/तफादज़वा त्सिगा, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, मिल्टन शुम्बा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़रबानी

आंकड़े जो मैच को बनाएंगे खास
    भारत के लिए जिम्बाब्वे में अब तक 22 खिलाड़ियों ने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया है. यह भारत के बाहर किसी एक देश में सबसे ज्यादा डेब्यू का दूसरा आंकड़ा है। 

    अभिषेक शर्मा 2026 में टी20 क्रिकेट में नौ बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. यह एक कैलेंडर वर्ष में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। 

    श्रेयस अय्यर पहले सात टी20 मैचों में जीत हासिल नहीं करने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे फुल मेंबर कप्तान हैं 

ज‍िम्बाब्वे का टी20 स्कॉड: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे, मिल्टन शुम्बा, रिचर्ड नगारवा, तनाका चिवांगा, ब्लेसिंग मुजरबानी, बेन करन, तफादजवा त्सिगा, न्यूमैन न्यामहुरी

टीम इंडिया का टी20 स्कॉड:: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *