ओरछा में CM मोहन यादव का दौरा, श्रीरामराजा सरकार के दर्शन कर ‘रामराजा लोक’ के विकास कार्यों का लिया जायजा

टीकमगढ़.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को निवाड़ी जिले के एक दिवसीय प्रवास पर हैं। शनिवार देर रात धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह की शुरुआत श्रीरामराजा सरकार के दर्शन-पूजन के साथ की।

दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में बनने वाले श्रीरामराजा लोक के निर्माण कार्य को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर में पूजन के बाद सीएम ने जहांगीर महल सहित ओरछा के अन्य ऐतिहासिक महलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन की दृष्टि से इन ऐतिहासिक इमारतों में जरूरी सुधार और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जाएं।

मन की बात सुनकर जाएंगे निवाड़ी
ओरछा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री बेतवा नदी के तट पर स्थित कंचना घाट पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवाड़ी पहुंचेंगे। यहां वे जिले के नवनिर्मित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण के साथ ही सीएम निवाड़ी में आयोजित मुख्य समारोह में दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण और छात्राओं को साइकिलें वितरित करेंगे। इस दौरान वे जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रदर्शनी का मुआयना करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र व सहायता राशि सौंपेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *