एलन करियर इंस्टीट्यूट के सहयोग से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू, 258 शिक्षकों का ऑनलाइन उन्मुखीकरण

सीधी

 जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की जिला प्रशासन की अभिनव पहल अब धरातल पर उतरने लगी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के सभी विकासखंडों में एलन करियर इंस्टीट्यूट, इंदौर के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से शिक्षकों का उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीवविज्ञान विषयों के 258 शिक्षकों ने सहभागिता कर प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीन तैयारी पद्धतियों, अध्ययन रणनीति एवं विद्यार्थियों के प्रभावी मार्गदर्शन संबंधी जानकारी प्राप्त की।

  कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 पहुंचकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया तथा शिक्षकों से संवाद कर कार्यक्रम की गुणवत्ता एवं उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले के सरकारी विद्यालयों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। जिला प्रशासन इसी उद्देश्य से शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई, नीट सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक स्तर से तैयार करने की व्यापक कार्ययोजना पर कार्य कर रहा है।

  कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि विद्यालय स्तर पर ही विद्यार्थियों की क्षमता को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया जाए तो सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रारंभिक स्तर से रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करने का आह्वान किया।

  उन्मुखीकरण कार्यक्रम में एलन करियर इंस्टीट्यूट, इंदौर के विषय विशेषज्ञों ने गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीवविज्ञान विषयों के शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं के बदलते स्वरूप, अवधारणात्मक शिक्षण, प्रश्न विश्लेषण, समय प्रबंधन तथा विद्यार्थियों को परिणामोन्मुख तैयारी कराने की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने बताया कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित अध्ययन तक सीमित न रखते हुए अवधारणात्मक समझ विकसित करने, नियमित अभ्यास, टेस्ट विश्लेषण और लक्ष्य आधारित अध्ययन पद्धति पर विशेष बल दिया जाएगा।

  जिला प्रशासन एवं एलन करियर इंस्टीट्यूट के संयुक्त प्रयास से संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता का अध्ययन सामग्री, नियमित अकादमिक मार्गदर्शन, विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, समय-समय पर मूल्यांकन परीक्षा तथा परीक्षा रणनीति संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही शिक्षकों के लिए भी चरणबद्ध क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शैक्षणिक वातावरण विकसित हो सके।

  कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक विकासखंड में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के चिन्हांकन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करेंगे। इससे जिले के प्रत्येक विकासखंड के पात्र विद्यार्थियों तक इस महत्वाकांक्षी पहल का लाभ पहुंच सकेगा।

  जिला प्रशासन का विश्वास है कि विशेषज्ञ संस्थान के सहयोग, प्रशिक्षित शिक्षकों, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तथा सतत शैक्षणिक मॉनिटरिंग के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी आईआईटी, नीट एवं अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सीधी जिले को नई पहचान दिलाने तथा हजारों विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

  इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य शंभूनाथ त्रिपाठी सहित सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारी एवं संबंधित विषयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *