ब्रेकिंग न्यूज

IPL 2027 से पहले CSK में बड़े बदलाव, प्रशांत वीर को रिलीज करने की तैयारी

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए मिनी नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपनी टीम में बड़े बदलाव कर सकती है. पांच बार की चैम्पियन टीम अपने दो महंगे खिलाड़ियों में से एक को रिलीज करने पर विचार कर रही है. उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय ऑलराउंडर प्रशांत वीर का नाम इस सूची में सबसे आगे बताया जा रहा है.

चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल अबू धाबी में हुई मिनी नीलामी में प्रशांत वीर और राजस्थान के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को एक समान 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला.

बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर को छह मैचों में खेलने का मौका मिला. उन्होंने इस दौरान पांच पारियों में 90 रन बनाए, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 43 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. गेंदबाजी में वह एक भी विकेट नहीं ले सके. ऐसे में फ्रेंचाइजी को उनका प्रदर्शन कीमत के हिसाब से उम्मीद के मुताबिक नहीं लगा.

कार्तिक शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा
वहीं, 20 वर्षीय कार्तिक शर्मा ने अपने पहले सीजन में बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने 11 मैचों में 32.77 की औसत से 295 रन बनाए. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 71 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही. मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर उनके प्रदर्शन को संतोषजनक माना जा रहा है, इसलिए सीएसके उन्हें टीम में बनाए रख सकती है.

हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक किसी खिलाड़ी को रिटेन या रिलीज करने को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, सीएसके प्रशांत वीर को पूरी तरह छोड़ने के मूड में नहीं है. टीम के पास दिसंबर में होने वाली नीलामी के लिए सीमित रकम है और वह अपने पर्स में इजाफा करना चाहती है.

फिलहाल सीएसके के पर्स में 2.4 करोड़ रुपये बचे हैं. सैलरी कैप में सालाना 5 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह रकम 7.4 करोड़ रुपये हो जाएगी. इसके बावजूद टीम अतिरिक्त फंड जुटाने के लिए कुछ खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है. ऐसी संभावना है कि प्रशांत वीर को रिलीज करने के बाद सीएसके उन्हें मिनी ऑक्शन में कम कीमत पर दोबारा खरीदने की कोशिश करे.

जानसेन को लेकर भी बड़ा अपडेट
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स (PBKS) ने साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को जानसेन को लेकर चल रही ट्रेड की अटकलों को खारिज कर दिया है. टीम के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, फ्रेंचाइजी का जानसेन को छोड़ने का कोई इरादा नहीं है. जानसेन का पिछला आईपीएल सीजन खास नहीं रहा था. उन्होंने 12 मैचों में सिर्फ नौ विकेट लिए और उनकी इकोनॉमी रेट 10 से ज्यादा रही. बल्ले से भी वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और पांच पारियों में 51 रन बनाए.

हालिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन ने उनकी स्थिति मजबूत कर दी है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में मार्को जानसेन को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया. दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी जानसेन को मौजूदा समय में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बताया था. पंजाब किंग्स ने जानसेन को 2025 के मेगा ऑक्शन में 7 करोड़ रुपये में खरीदा था और अब फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ बनाए रखने के मूड में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *