ब्रेकिंग न्यूज

चिकित्सा महाविद्यालयों में बढ़ेंगीं 12 हजार से अधिक मेडिकल सीट्स

वर्तमान में 34 चिकित्सा महाविद्यालयों में उपलब्ध हैं 6050 एमबीबीएस सीट

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालय और एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि के लिए सभी संभावनाओं का परीक्षण करते हुए तेजी से कार्यवाही की जाए। पीपीपी मॉडल अन्तर्गत बनने वाले बैतूल, कटनी, धार और पन्ना के चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण कार्य की सतत् मॉनीटरिंग हो। चारों चिकित्सा महाविद्यालयों का संचालन समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश चिकित्सा महाविद्यालय और एमबीबीएस सीटों के संबंध में मुख्यमंत्री निवास में हुई लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक में दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी मॉडल अन्तर्गत स्थापित होने वाले सभी 11 चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए नवीन निविदाएं तत्काल जारी की जाए। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई तथा श्रीमती रश्मि अरूण शमी उपस्थित थीं।

प्रदेश में होंगे 56 मेडिकल कॉलेज और 18050 एमबीबीएस सीट
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में प्रदेश में 20 शासकीय और 14 निजी चिकित्सा महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें 6050 एमबीबीएस सीट उपलब्ध है। आगामी 2 वर्षों में 6 नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय क्रमशः छतरपुर, दमोह और बुधनी के भवन निर्माण पूर्ण हो चुके हैं। उज्जैन, राजगढ़ और मंडला का भवन निर्माण प्रगति पर है। इसके साथ ही बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालय संचालन के लिए अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है। मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोक नगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ सहित कुल 11 जिलों में पीपीपी मॉडल अन्तर्गत स्थापित किए जाने वाले चिकित्सा महाविद्यालय और एक नवीन निजी चिकित्सा महाविद्यालय सहित कुल 22 चिकित्सा महाविद्यालय आगामी 2 वर्षों में संचालित होंगे। इन 22 चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना तथा पूर्व से संचालित चिकित्सा महाविद्यालय में सीट वृद्धि से कुल 12000 एमबीबीएस सीट उपलब्ध होंगी। परिणाम स्वरूप आगामी 2 वर्षों में प्रदेश में 56 मेडिकल कॉलेज और 18050 एमबीबीएस सीट उपलब्ध होंगी। बैठक में संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरूणा कुमार सहित लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *