ब्रेकिंग न्यूज

8th Pay Commission Salary Hike: किस फिटमेंट फैक्टर से मिलेगी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी? समझें पूरा गणित

नई दिल्‍ली
 इन दिनों सरकारी दफ्तरों में चाय की चुस्कियों से लेकर लंच ब्रेक तक, अगर किसी एक विषय पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, तो वह है 8वां वेतन आयोग (8th Pay Commission). केंद्र सरकार का हर कर्मचारी वेतन आयोग की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. हर कोई यही जानने को उतावला है कि फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) क्‍या होगा. क्योंकि यही वह जादुई नंबर है जो बेसिक सैलरी तय करता है. अभी तक किसी एक फिटमेंट फैक्टर पर मुहर नहीं लगी है. लेकिन, पिछले वेतन आयोगों के रुझान को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि फिटमेंट फैक्‍टर 2.10, 2.28 या 2.57 तय हो सकता है. अगर सरकार इन तीनों में से किसी एक फिटमेंट फैक्टर को चुना जाता है तो पे लेवल 3 से लेकर लेवल 6 तक के कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी में कितना उछाल आएगा, आइये जानते हैं। 

किसी भी सेंट्रल गवर्नमेंट एम्‍पलाई की कुल ग्रॉस सैलरी केवल बेसिक पे से नहीं बनती, बल्कि इसमें कई भत्ते जुड़ते हैं. इसका सीधा फार्मूला है- ग्रॉस सैलरी = बेसिक पे + महंगाई भत्ता (DA) + मकान किराया भत्ता (HRA) + ट्रांसपोर्ट अलाउंस और अन्य लागू भत्ते. सातवें वेतन आयोग से यह साफ हो गया था कि सिर्फ ज्यादा फिटमेंट फैक्टर होने से ही ग्रॉस सैलरी में बड़ा उछाल आए, यह जरूरी नहीं है. इसमें महंगाई भत्ते (DA) की बड़ी भूमिका होती है। 

8वें वेतन आयोग में DA और HRA का क्या होगा नियम?
केंद्रीय कैबिनेट ने 28 अक्टूबर को DA में 3% की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद मौजूदा DA 63% हो गया है और X कैटेगरी के शहरों में HRA 30% है. लेकिन जब भी नया वेतन आयोग लागू होता है, तो नियम के मुताबिक मौजूदा डीए को बेसिक पे में मर्ज कर दिया जाता है और नया महंगाई भत्‍ता शून्य (0%) से शुरू होता है. वहीं, सातवें वेतन आयोग की तर्ज पर शुरुआती HRA दरें शहरों की आबादी के हिसाब से तय होंगी। 

किस फिटमेंट फैक्टर पर कितनी बनेगी सैलरी?

सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के अनुसार, शुरुआती बेसिक पे है-

    लेवल 3: ₹21,700
    लेवल 4: ₹25,500
    लेवल 5: ₹29,200
    लेवल 6: ₹35,400

अगर 8वें वेतन आयोग में डीए को शून्य (0%) और X कैटेगरी शहरों के लिए शुरुआती एचआरए को 24% मानकर गणना करें तो अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर पर ग्रॉस सैलरी कुछ इस तरह होगी-

 

पे लेवल संभावित फिटमेंट फैक्टर संशोधित बेसिक पे अनुमानित ग्रॉस सैलरी (24% HRA सहित)
लेवल 3 2.1 ₹45,570 ₹56,507
लेवल 3 2.28 ₹49,476 ₹61,350
लेवल 3 2.57 ₹55,769 ₹69,155
लेवल 4 2.1 ₹53,550 ₹66,402
लेवल 4 2.28 ₹58,140 ₹72,094
लेवल 4 2.57 ₹65,535 ₹81,263
लेवल 5 2.1 ₹61,320 ₹76,037
लेवल 5 2.28 ₹66,576 ₹82,554
लेवल 5 2.57 ₹75,044 ₹93,055
लेवल 6 2.1 ₹74,340 ₹92,182
लेवल 6 2.28 ₹80,712 ₹1,00,083
लेवल 6 2.57 ₹90,978 ₹1,12,813

सैलरी बढ़ने का फॉर्मूला 

मान लीजिए आप लेवल-3 के कर्मचारी हैं (मौजूदा बेसिक पे ₹21,700) और सरकार 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू करती है, तो आपकी नई सैलरी दो आसान स्टेप्स में निकलेगी-

नया बेसिक पे: ₹21,700 × 2.57 = ₹55,769

एचआरए (24%): ₹55,769 का 24% = ₹13,385.56

कुल ग्रॉस सैलरी ₹55,769 + ₹13,385.56 = ₹69,154.56

मौजूदा समय में लेवल-3 के कर्मचारी की शुरुआती ग्रॉस सैलरी (63% DA और 30% HRA मिलाकर) करीब ₹41,881 बैठती है. यानी 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर सीधे तौर पर सैलरी में ₹27,000 से ज्यादा का बंपर उछाल देखने को मिल सकता है.

(नोट: यह पूरा कैलकुलेशन संभावित फिटमेंट फैक्टर और भत्तों के अनुमानों पर आधारित है. 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशों और केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही वास्तविक सैलरी तय होगी.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *