ब्रेकिंग न्यूज

‘रामायण’ में कुंभकर्ण बनेंगे पंचायत के प्रह्लाद चा, फैसल मलिक का चेहरा भी नहीं आएगा नजर

वेब सीरीज 'पंचायत' में प्रह्लाद चा के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर फैसल मलिक इन दिनों अपनी फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं. रणबीर कपूर और यश जैसे सितारों से सजी नितेश तिवारी की इस भव्य फिल्म में फैसल कुंभकर्ण का किरदार निभा रहे हैं. लेकिन इस फिल्म में काम करना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था. आलम यह रहा कि किरदार निभाने के लिए उन्हें एक्टिंग के कई पुराने तरीके तक भुलाने पड़े.

हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में फैसल ने 'रामायण' की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि यह कोई आम फिल्म नहीं है, बल्कि पूरी तरह अलग तरह के काम और तैयारी की मांग करती है. इसके लिए उन्हें न सिर्फ अपनी एक्टिंग का तरीका भूलना पड़ा बल्कि उनकी पहचान तक नामुमकिन है.

VFX वाली 'रामायण' में एक्टिंग के पुराने तरीके पड़े छोड़ने
फैसल मलिक के मुताबिक, 'रामायण' जैसी VFX से भरपूर फिल्म में अभिनय करना सामान्य फिल्मों से काफी अलग होता है. यहां कलाकारों को सिर्फ अपने डायलॉग और चेहरे के भावों पर ध्यान नहीं देना होता, बल्कि एक खास तकनीक और प्रक्रिया के हिसाब से काम करना पड़ता है.

एक्टर ने बताया कि इस फिल्म के लिए उन्हें पारंपरिक एक्टिंग के कई तरीके भूलने पड़े. पूरी टीम ने कलाकारों को खास ट्रेनिंग दी, ताकि VFX और असली अभिनय का तालमेल पर्दे पर शानदार नजर आए.

फैसल ने कहा, "यह बेहद VFX आधारित फिल्म है, कोई सामान्य एक्टिंग वाली फिल्म नहीं. इसलिए मुझे अभिनय के पारंपरिक तरीके छोड़कर नए ढंग से काम करना पड़ा. चीजों को करने का एक खास तरीका था और टीम ने हमें उसकी ट्रेनिंग दी."

यश के साथ काम करना रहा जिंदगी का यादगार अनुभव
फिल्म में यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फैसल ने बताया कि भले ही उनके और यश के ज्यादातर सीन अलग-अलग शूट हुए हों, लेकिन 'रामायण पार्ट 2' में दोनों के बीच कुछ बेहद अहम दृश्य देखने को मिलेंगे.

ऐसा ही एक सीन कुंभकर्ण से जुड़ा है, जिसमें रावण अपने भाई को आशीर्वाद देने के लिए उसके हाथ पर चलते हुए नजर आएंगे. इस छोटे से लगने वाले दृश्य को भी फिल्माने के लिए मेकर्स ने बारीकियों पर खास ध्यान दिया. कलाकारों की आंखों की दिशा, चेहरे के हाव-भाव और शरीर की हरकतों तक की प्लानिंग की गई.

फैसल ने इस भव्य प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने 'लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' और 'अवतार' जैसी फिल्मों के मेकिंग वीडियो देखे थे, लेकिन अब खुद ऐसे शानदार फिल्म निर्माण का हिस्सा बनने का मौका मिला है. उनके मुताबिक, भारतीय सिनेमा में आने वाले समय में इतनी भव्य फिल्म बनना आसान नहीं होगा.

'कुंभकर्ण' के रूप में पर्दे पर नहीं दिखेगा फैसल का चेहरा
फैसल ने अपने किरदार कुंभकर्ण को लेकर भी बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि कुंभकर्ण एक विशालकाय योद्धा और राक्षस था. इसलिए इस किरदार में उनके चेहरे से ज्यादा उनके शरीर के आकार, मौजूदगी और हरकतों पर ध्यान दिया गया है.

पर्दे पर दर्शकों को फैसल मलिक का जाना-पहचाना चेहरा शायद नजर न आए, बल्कि उनका पूरा लुक और शरीर कुंभकर्ण के विशाल रूप में ढला हुआ दिखाई देगा. एक्टर ने कहा, "कुंभकर्ण सबसे बड़ा योद्धा और एक राक्षस था, इसलिए दर्शक पर्दे पर फैसल को नहीं देखेंगे."

हजारों लोगों की मेहनत से तैयार हो रही है 'रामायण'
फैसल ने फिल्म के मेकिंग प्रोसेस की भव्यता पर भी हैरानी जताई. उन्होंने बताया कि एक-एक सीन को शानदार बनाने के लिए हजारों लोग काम करते हैं. इस टीम में अंतरराष्ट्रीय क्रू के सदस्य भी शामिल हैं. किसी एक किरदार या सीक्वेंस को तैयार करने में अलग-अलग टीमें कई दिनों और कभी-कभी महीनों तक जुटी रहती हैं. लगातार बदलाव किए जाते हैं, बारीकियों को सुधारा जाता है और फिर जाकर पर्दे पर वह जादू दिखाई देता है, जिसका दर्शकों को इंतजार रहता है.

'पंचायत 5' में फिर लौटेंगे प्रह्लाद चा
फिल्म 'रामायण' के बाद फैसल मलिक अपने चर्चित किरदार प्रह्लाद चा के रूप में भी वापसी करने वाले हैं. उनकी लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाला है.

अब देखना दिलचस्प होगा कि एक तरफ 'रामायण' में विशालकाय कुंभकर्ण बनकर फैसल दर्शकों को कितना चौंकाते हैं और दूसरी तरफ 'पंचायत 5' में प्रह्लाद चा बनकर कितना हंसाते और भावुक करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *